ओवन में घुसा कोबरा, 2 घंटे तक परिवार में डर का माहौल

कोटा। कोटा के नया गांव स्थित देवनारायण मंदिर के पीछे बने मकान में करीब साढ़े 4 फीट लंबा ब्लैक कोबरा रसोई में आ गया। कोबरा बाटी बनाने के ओवन में जाकर बैठ गया। सांप के डर से घर में मौजूद लोग 2 घंटे तक दहशत में रहे। एक भी सदस्य रसोई में नहीं गया। सूचना पर स्नैक केचर गोविंद शर्मा ने मौके पर जाकर 10 मिनट की मशक्कत में कोबरा सांप को पकड़ा। फिर सुरक्षित जंगल में छोड़ा। तब जाकर परिवार के सदस्यों ने राहत की सांस ली।

दहशत में रहा परिवार। गोविंद शर्मा ने बताया घटना बुधवार रात 8 बजे के आसपास की है। हरिशंकर माली के मकान में ब्लैक कोबरा घुसने की सूचना मिली। कोबरा सांप गैस की पट्टी पर रेंग रहा था। थोड़ी देर में कहीं चला गया। परिवार की महिला ने रसोई में रखे सामानों को हटाना शुरू किया। जैसे ही बाटी बनाने वाले ओवन को उठाया। ओवन में से फुंफकारने की आवाज आई। महिला ने डर से ओवन वहीं छोड़ दिया। भागकर कमरे में आ गई। परिवार के अन्य लोगों को बताया। परिवार में बच्चों सहित 4 लोग थे। सभी दहशत के मारे मकान के बाहर आ गए। उन्हें घर के बाहर देखकर पड़ोसी भी इकठ्ठा हो गए। करीब 10 बजे मौके पर जाकर सांप को रेस्क्यू किया। हरिशंकर ने बताया कि बुधवार अमावस्या थी। घर में दाल बाटी बनाने के आटा लगा लिया था। बाटी बनाने के निए जैसे ही ओवन को उठाया, ओवन में से अजीब आवाज आई। देखा तो उसमें सांप नजर आया। डर के मारे रसोई में नहीं गए। सांप पकड़ने के बाद भी खाना नहीं बनाया। सभी सदस्यों ने ससुराल जाकर खाना खाया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *