सीएम योगी बोले- अगर दो बहनें एक साथ पढ़तीं हों, तो एक की फीस माफ़ करे स्कूल

लखनऊ: महात्मा गांधी की जयंती के मौके पर उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्राइवेट स्कूल में पढ़ाई कर रही दो बहनों में से एक की फीस को माफ करने की योजना बनाई है. गवर्नर आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को लोक भवन में राज्य के 1.51 लाख मेधावी विद्यार्थियों को 177.35 करोड़ रुपए की छात्रवृत्ति का ऑनलाइन हस्तांतरण किया.
इस अवसर पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपील करते हुए कहा कि प्राइवेट स्कूलों में दो बहनें एक साथ पढ़ रही हों तो एक की फीस माफ की जाए. यदि प्राइवेट स्कूल ऐसा नहीं करते हैं तो संबंधित विभाग एक छात्रा की फीस का इंतज़ाम करे. इसके लिए जिला स्तर पर नोडल अफसर बनाए जाएं. उन्होंने कहा कि कोरोना काल में काफी सारे लोग फीस भरने में असमर्थ हैं, इससे उनको सहायता मिलेगी. सीएम योगी ने कहा कि केन्द्र के साथ उत्तर प्रदेश सरकार भी किसी व्यक्ति को किसी भी किस्म की सुविधा से वंचित नहीं रहने देगी.
सीएम योगी ने कहा कि बालिका शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए सरकारी विद्यालयों में स्नातक तक शिक्षा निशुल्क पहले से दी जा रही है. सीएम योगी ने राज्य के 1,51,000 मेधावी विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति प्रदान करने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कहा कि इस वर्ष 30 नवंबर तक हर हाल में सभी को छात्रवृत्ति प्रदान कर दी जाए. उन्होंने कहा कि छात्रवृत्ति वितरण का कार्य विभाग मिशन मोड में करें. वर्तमान में हमारी राज्य सरकार जो स्कॉलरशिप प्रदान कर रही है, वो 3900 करोड़ है जो पिछली सरकार में महज 1800 करोड़ थी.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *