पीएम मोदी से मिलना चाहते थे भारत आए चीन के विदेश मंत्री, PMO ने कर दिया मना

नई दिल्ली: अचानक भारत दौरे पर आए चीन के विदेश मंत्री वांग यी ने पीएम नरेंद्र मोदी से मिलने का प्रस्ताव पेश किया था, हालांकि, प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) द्वारा इसके लिए मना कर दिया गया। भारत ने चीन के अधिकारियों को बताया कि पीएम मोदी का कार्यक्रम शुक्रवार को व्यस्त हैं, क्योंकि उन्हें सीएम योगी आदित्यनाथ के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने लखनऊ पहुंचना है।

चीन ने अपने विदेश मंत्री वांग यी के भारत दौरे पर पीएम मोदी से मुलाकात का प्रस्ताव रखा था, किन्तु साउथ ब्लॉक ने इसके लिए इनकार कर दिया। बता दें कि चीनी विदेश मंत्री लगभग दो वर्षों के बाद भारत के दौरे पर आए थे। उनका यह दौरा पहले से निर्धारित नहीं था। चीनी विदेश मंत्री गुरुवार देर शाम 7.45 बजे दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार दोपहर लगभग 3 बजे यहां से वापस रवाना हो गए। सूत्रों के अनुसार, चीन ने NSA अजीत डोभाल को विशेष प्रतिनिधि के रूप में चीन आने का निमंत्रण दिया। इस बाबत, सूत्रों ने बताया कि NSA ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मौजूदा मुद्दे सुलझने के बाद वह चीन का दौरा कर सकते हैं।

हालांकि, चीन ने भारत को अफगानिस्तान मुद्दे पर बैठक के लिए आमंत्रण नहीं भेजा है, जो बीजिंग में बुलाई जा रही है। विदेश मंत्री एस जयशंकर ने शुक्रवार को कहा कि, ‘नहीं, उन्होंने हमें आमंत्रित नहीं किया है।’ बता दें कि विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शुक्रवार को अपने चीनी समकक्ष वांग यी से मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए भारत के विदेश मंत्री ने बताया था कि उन्होंने चीन के विदेश मंत्री से कहा है कि सरहद में तनाव और भारी सैन्य उपस्थिति के माहौल में दोनों देशों के रिश्ते सामान्य नहीं रह सकते हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *