छत्तीसगढ़ : फांसी पर लटका मिला महिला कांस्टेबल का शव

जांजगीर में मंगलवार सुबह एक महिला पुलिस कांस्टेबल का शव सरकारी क्वार्टर में मिला है। शव पंखे से चुन्नी के सहारे लटका हुआ था। पड़ोसियों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। महिला कांस्टेबल के खुदकुशी करने की आशंका है, लेकिन इसका कारण स्पष्ट नहीं है। फिलहाल पुलिस ज्यादा इस संबंध में जानकारी नहीं दे रही है। मामला जांजगीर कोतवाली क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, महिला कांस्टेबल सीमा फर्रे (30) पुत्री मनीराम फर्रे जांजगीर के SP कार्यालय में पदस्थ थी। वह यहां पुलिस कॉलोनी निलयम के सरकारी क्वार्टर में अकेले ही रहती थी। सुबह पड़ोसियों की नजर खिड़की पर पड़ी तो अंदर सीमा फर्रे फांसी से लटकी हुई थी। इस पर पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस पहुंची तब तक सीमा की मौत हो चुकी थी।

पुलिस ने शव को नीचे उतरवा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उसके परिजनों को भी सूचना दे दी गई है। उनके आने के बाद पंचनामा होगा। बताया जा रहा है कि सीमा फर्रे करीब 9 साल से पुलिस में नौकरी कर रही थी। उसकी साल 2013 में पुलिस कांस्टेबल के तौर पर भर्ती हुई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। परिजनों के आने पर उनसे भी पूछताछ होगी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *