रायपुर, छत्तीसगढ़ के 15 नगरीय निकायों के चुनाव परिणाम धीरे-धीरे आने शुरू हो गए हैं। आम निर्वाचन सुकमा जिले के कोंटा, बीजापुर के भोपालपटनम ओर, भैरमगढ़ में कांग्रेस ने जीत हासिल कर ली है।सुबह नौ बजे से इन सीटों पर मतगणना जारी है। करीब दो हजार कर्मचारी 600 मेजों पर वोटों की गिनती कर रहे हैं। प्रत्याशियों के दिलों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं। आज 1393 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला होना है। राज्य के चार नगर निगमों, पांच नगर पालिका परिषदों और छह नगर पंचायतों के 370 वार्डों के लिए 20 दिसबंर को मतदान हुआ था। इस दौरान 60 फीसद से ज्यादा मतदाताओं ने अपना मताधिकार का प्रयोग किया था
बिरगांव, भिलाई, भिलाई चरौदा और रिसाली नगर निगम में कांग्रेस और भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर है। बिरगांव और भिलाई चरौदा में वर्तमान में भाजपा के महापौर हैं। जबकि भिलाई में कांग्रेस के महापौर हैं। गृहमंत्री ताम्रध्वज की विधानसभा क्षेत्र के रिसाली में पहली बार नगर निगम चुनाव हो रहा है। मतगणना शुरू हो चुकी है और दोपहर दो बजे तक अधिकांश निकायों का परिणाम घोषित हो जाएगा। कांग्रेस और भाजपा ने मतगणना के लिए वार रूम बनाया है।