सरदार पटेल की प्रतिमा को ट्रैक्टर से गिराने का मामला, पुलिस का बड़ा एक्शन

उज्जैन: मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में सरदार वल्लभभाई पटेल मूर्ति को गिराए जाने के बाद दो गुटों में हुई झड़प के सिलसिले में पुलिस ने अब तक 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती है। इलाके में फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है। एक अधिकारी ने शनिवार को बताया कि गुरुवार की सुबह माकड़ौन तहसील में अज्ञात व्यक्तियों द्वारा सरदार वल्लभभाई पटेल की एक मूर्ति को गिराए जाने के बाद दो समुदायों के लोग आपस में भिड़ गए थे और एक-दूसरे पर पथराव किया था। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी-ग्रामीण) नितेश भार्गव ने कहा कि झड़प के सिलसिले में अब तक कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उन पर दंगा करने और एक लोक सेवक को अपना कर्तव्य निभाने से रोकने के लिए आपराधिक बल का उपयोग करने का मामला दर्ज किया गया है। फिलहाल माकड़ौन में बाजार खुले हैं। कस्बे में स्थिति सामान्य है। दोनों समूहों के बीच शांति है, लेकिन पुलिस सतर्क है। वह स्थिति पर करीबी नजर रख रही है। विवादित स्थल पर यथास्थिति बरकरार है।

बताया जाता है कि मूर्ति गिरने के मामले में दोनों पक्षों के 53 लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने पूछताछ के लिए 22 लोगों को हिरासत में लिया है। गिरफ्तारी के विरोध में एसटी/एससी वर्ग से महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन किया है।

गुरुवार को हुई झड़प में किसी के घायल होने की खबर नहीं है। घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें लोगों के एक समूह को ट्रैक्टर से मूर्ति को गिराते हुए देखा जा सकता है। वहीं पुलिस सूत्रों ने बताया कि हमला करने वाले गुट के लोग चाहते थे कि सरदार वल्लभभाई पटेल की जगह उस स्थान पर डॉ. बीआर अंबेडकर की मूर्ति स्थापित की जाए। सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा बुधवार रात माकड़ौन बस स्टैंड के नजदीक एक स्थल पर स्थापित की गई थी। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि प्रतिमा कब स्थापित की गई थी।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *