उत्तर प्रदेश विधानसभा का बजट सत्र 2 फरवरी से शुरू होगा. योगी सरकार 5 फरवरी को बजट पेश करेगी. यूपी सरकार 7.65 लाख करोड़ का बजट पेश कर सकती है. विधानसभा सत्र को लेकर रूट डायवर्ट किए गए हैं.
2 फरवरी से शुरू होने वाले बजट सत्र से पहले भाजपा विधानमंडल दल की बैठक 1 फरवरी को होगी. पहली बैठक में बजट सत्र के दौरान विपक्ष के हमलों से निपटने के तौर-तरीकों पर चर्चा होगी. विधानमंडल के बजट सत्र के दौरान विपक्ष जहां सदन में सरकार को घेरने की कोशिश करेगा, वहीं सत्ता पक्ष भी विपक्ष के हमलों से निपटने के लिए कमर कसेगा.
वहीं, समाजवादी पार्टी विधानमंडल दल की बैठक 2 फरवरी को होगी जिसमें सदन में सरकार को घेरने की रणनीति पर विचार-विमर्श होगा. विधानमंडल सत्र के दौरान योगी सरकार पांच फरवरी को वर्ष 2024-25 का बजट दोनों सदनों में पेश करेगी.