यूपी चुनाव से पहले ही ‘विजय दिवाली’ मनाएगी भाजपा, 30 लाख कार्यकर्ताओं को भेजे उपहार

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने खुद को बूथ स्तर तक मजबूत करने के प्रयास तेज कर दिए हैं। इसी को देखते हुए भगवा दल ने अपने तीस लाख बूथ कार्यकर्ताओं को दीपावली के गिफ्ट भेजे हैं। वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने बूथ प्रबंधन पर फोकस किया था और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के घर जाकर, भोजन करके एक परिवारिक माहौल बनाने का प्रयास किया था। अमित शाह ने राज्य के प्रत्येक क्षेत्र में बूथ स्तर के सम्‍मेलनों को भी संबोधित किया था।
उसी कड़ी में पार्टी ने बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को दीपावली का तोहफा भेजा है। शुक्रवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह लखनऊ दौरे पर आ रहे हैं और उनकी सभा भी आयोजित की गई है। बता दें कि राज्‍य में एक लाख 63 हजार बूथ हैं और भाजपा ने डेढ़ लाख से ज्यादा बूथों पर 20-20 सदस्यीय कमेटी गठित की है। राज्य में भाजपा के 30 लाख से ज्यादा बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं। पार्टी ने बूथ कमेटी के सभी सदस्यों को तोहफे भेजा है, जिसमे तोरण द्वार और कमल दीपक है। कमल दीपक मिट्टी का दीया है जो भाजपा के चुनाव चिन्ह के आकार का है।
भाजपा के प्रदेश इकाई के उपाध्यक्ष और विधान परिषद सदस्य विजय बहादुर पाठक ने गुरुवार को बताया है कि हम सब एक साथ काम करते हैं और बूथ कार्यकर्ता भाजपा परिवार की सबसे अहम कड़ी है। दीपावली पर उपहार देने की परंपरा रही है, इसलिए पार्टी ने 30 लाख से ज्यादा बूथ कार्यकर्ताओं को दीपावली का तोहफा भेजा है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *