बिलासपुर के गुरु घासीदास यूनिवर्सिटी में 23 जनवरी को संपन्न हुई राष्ट्रीय स्तर की प्रतिस्पर्धा, देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों से 68 प्रतियोगियों ने लिया हिस्सा
वर्तमान समय में हम सभी को पर्यावरण संरक्षित करने की दिशा में करना होगा विशेष कार्य- कृष्णकांत चंद्रा जिला अध्यक्ष भाजपा जांजगीर चांपा
सक्ती– छत्तीसगढ़ प्रदेश के बिलासपुर शहर के गुरु घासीदास विश्वविद्यालय द्वारा 23 जनवरी को राष्ट्रीय युवा संसद 2022 प्रतिस्पर्धा का आयोजन किया गया, इस आयोजन में जहां देशभर के विभिन्न विश्वविद्यालयों से करीब 68 प्रतियोगियों ने सहभागिता की तो वही इस कार्यक्रम में मुख्य अभ्यागत के रूप में बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण साव, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक कुमार चक्रवाल, भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा जिले के अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा, सी व्ही रमन यूनिवर्सिटी के कुलपति आर पी दुबे प्रमुख रूप से मौजूद रहे

इस प्रतिस्पर्धा का शुभारंभ वीणा वादिनी मां सरस्वती तथा भारत माता के तैल चित्र पर दीप प्रज्वलन माल्यार्पण एवं स्वागत गीत के साथ हुआ, तथा राष्ट्रीय स्तर की पर्यावरण संरक्षण विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में शामिल होने वाले देश के विभिन्न विश्वविद्यालयों के प्रतियोगियों में जहां काफी उत्साह देखा गया तो वही इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी जांजगीर-चांपा जिले के अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा ने भी बतौर निर्णायक मंडल के सदस्य के रूप में अपना उद्बोधन देते हुए कहा कि आज हम सभी को वर्तमान समय में पूरे देश में असंतुलित होते जा रहे पर्यावरण को ध्यान में रखते हुए इसको संतुलित बनाए रखने की दिशा में विशेष प्रयास करने होंगे, तथा आज के इस समय में पर्यवरण लो लेकर हमारे लिए बहुत बड़ी चुनौतियां है, किंतु हम सभी को अपने पर्यावरण को संरक्षित करने की दिशा में पूरी जागरूकता के साथ कार्य करना होगा, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा ने कहा कि जान है- तो जहान है, की तर्ज पर यदि हमारा पर्यावरण सुरक्षित रहेगा, तो हमारा स्वास्थ्य भी सुरक्षित रहेगा, अतः हम सभी को मिलजुल कर लोगों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करना होगा हमारे आसपास समय-समय पर हम को नियमित रूप से वृक्षारोपण करना होगा एवं वृक्षारोपण करने के साथ ही हमें उसे बड़ा करने की दिशा में भी अपना योगदान देना होगा

चंद्रा द्वारा पर्यावरण संरक्षण विषय पर प्रेषित वक्तव्य से पूरा सदन करतल ध्वनि से गूंज उठा, तथा चंद्रा ने बहुत ही सुंदर ढंग से अपनी प्रस्तुति दी,बिलासपुर लोकसभा क्षेत्र के सांसद अरुण साव ने भी पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन बनाने की आवश्यकता बताते हुए कहा कि आज केंद्र की सरकार पर्यावरण की दिशा में काफी सकारात्मक काम कर रही है, एवं समय-समय पर केंद्र सरकार द्वारा पर्यावरण को लेकर लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है, किंतु हम सभी की यह जिम्मेदारी बनती है कि हम अपने पर्यावरण को सुरक्षित रखें

वही कार्यक्रम से पूर्व मुख्य अभ्यागत सांसद अरुण साव, भाजपा जिला अध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा सहित कार्यक्रम में मौजूद अन्य अतिथियों का विश्वविद्यालय के कुलपति आलोक कुमार चक्रवाल द्वारा स्मृति चिन्ह, शाल श्रीफल एवं पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया