बिलासपुर। बीते चार दिनों के भीतर पेट्रोल डीजल के दाम में दो बार बढ़ोतरी हो गई है। डीजल की कीमत में वृद्धि के कारण रोजमर्रा के चीजों की कीमतें बढ़ने लगी। इससे गृहणियों का बजट बिगड़ने लगा है। परिवहन खर्च बढ़ने से महंगाई भी बढ़ने लगी है। बीते चार महीने से स्थिर पेट्रोल डीजल के दाम में फिर वृद्धि होने लगी है। बीते एक सप्ताह के भीतर पेट्रोल डीजल की कीमत दो बार बढ गई है। इसी तरह रसोई गैस में भी 50 रुपये की वृद्धि हो गई। 988 रुपए 50 पैसे में मिलने वाला घरेलू गैस सिलेंडर अब 1038.50 रुपये में मिल रहा है। पेट्रोल 21 मार्च को 101.82 रुपये था, जो 24 मार्च को 103.80 रुपये हो गया है।
डीजल भी 93 रुपये से 94.75 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया है। लोगों से से जुड़ी अति आवश्यक चीजों के रेट बढ़ने से एकाएक आर्थिक भार बढ़ गया है। इससे घर के बजट पर खासा असर पड़ रहा है। पेट्रोल डीजल की कीमत बढ़ने से परिवहन और सामानों की कीमत पर असर पड़ना शुरू हो गया है। यात्री बस के संचालकों ने इसे दोहरी मार बताया। मालूम हो कि रूस-यूक्रेन युध्द के कारण क्रूड ऑय की कीमत बढ़ रही है। पेट्रोलियम पदार्थोंनकी कीमत में बढ़ोतरी को एक बड़ी वजह मानी जा रही है।
गृहणियों का कहना है कि महंगाई से आम वर्ग खासा परेशान है। इस पर शासन को ध्यान देना चाहिए। रसोई गैस सिलेंडर में केंद्र सरकार द्वारा पहले जिस प्रकार की सब्सिडी दी जाती थी, अब नहीं मिल रही है। सब्सीडी को बढ़ाना चाहिए, ताकि लोगों को महंगाई से राहत मिल सके।