होलिका दहन से पहले बिलासपुर गरम, प्रचंड गर्मी का अहसास

बिलासपुर। होलिका दहन से पहले बिलासपुर गर्म हो चुका है। अधिकतम तापमान एक दिन पहले 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। गुरुवार सुबह से धूप ने सभी बेहाल कर दिया है। माना जा रहा है कि मार्च इस बार पहले से ज्यादा तपेगा। मौसम विभाग ने पहले ही तेज गर्मी को लेकर चेतावनी जारी किया है।

लालपुर स्थित मौसम वेधशाला के विज्ञानी डा.एचपी चंद्रा के मुताबिक प्रदेश में हवा की दिशा उत्तर पश्चिम हो चुकी है। प्रदेश में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृध्दि का ट्रेंड रहने की संभावना है, परंतु विशेष परिवर्तन नहीं होने की संभावना है। चूंकि 18 मार्च को दक्षिण छग में दक्षिण से हवा आने की सम्भावना है, इसके कारण दक्षिण छग में 18 मार्च को तापमान में गिरावट हो सकता है । जबकि उत्तर छग में उत्तर पश्चिम से हवा का आगमन जारी रहने के कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि का ट्रेंड भी जारी रहने की सम्भावना है।

प्रदेश में लगभग सभी क्षेत्रों में अधिकतम तापमान, सामान्य अधिकतम तापमान से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस अधिक है। इसलिए यहां अभी लू जैसे स्थिति निर्मित हो सकता है। बता दें कि 10 वर्षों के भीतर 31 मार्च 2017 को बिलासपुर सबसे गर्म था। अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया था। यही स्थिति रही तो जल्द यह रिकार्ड टूट जाएगा। मौसम में होने वाले इस बदलाव को लेकर बिलासपुर नगर निगम समेत स्वास्थ्य अमला भी सतर्क है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *