कॉमेडियन भारती सिंह मनोरंजन जगत का एक बड़ा नाम हैं। उन्होंने अपनी कॉमेडी से न सिर्फ आम लोगों बल्कि बॉलीवुड जगत के सितारों का भी खूब मनोरंजन किया है। भारती जब भी कुछ करती हैं या बोलती हैं तो उनके फैन्स के चेहरों पर एक बड़ी सी मुस्कान आ जाती है। लेकिन भारती ने कॉमेडी फील्ड में सफलता पाने के लिए एक कड़ी मेहनत की है। भारती सिंह जल्द ही अपनी जिंदगी के एक नए फेज में कदम रखने जा रही हैं। हाल ही में वह अपने पुराने दिनों के बारे में बात करते हुए काफी भावुक हो गईं।
मां को छोड़कर लोगों को हंसाने गई थीं भारती सिंह
सिद्धार्थ कनन को दिए गए एक इंटरव्यू में भारती सिंह ने अपनी उस मुश्किल घड़ी के बारे में बताया जब वह अपनी मां को आईसीयू में छोड़कर प्रतियोगिता का हिस्सा बनने पहुंची थीं। भारती सिंह ने कहा, ‘जब मैं अपना पहला शो ग्रेट लाफ्टर चैलेन्ज कर रही थी तो उस दौरान हमें एक होटल में रुकवाया गया था और उसका पूरा खर्चा शो ने उठाया था। मुझे और मेरी मां को घर का बना खाना खाने की आदत है। ऐसे में लगातार जब मेरी मां ने होटल का खाना खाया तो उन्हें पेट में अल्सर हो गया। मुझे याद है कि उसकी वजह से जब वह आईसीयू में एडमिट थीं तो उस दिन मेरे शो का सेमी फिनाले था और मुझे लोगों को हंसाने के लिए जाना पड़ा’।
भारती को हुआ था बड़ा एहसास
भारती सिंह ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए कहा, ‘उस दिन जब मैं बैक स्टेज थी तो मैं सिर्फ अपनी मां के बारे में सोच रही थी, जो उस वक्त आईसीयू में थीं। शो से मुझे कोई पैसे नहीं मिलने वाले थे, क्योंकि मैं प्रतियोगी थी और मुझे ये भी नहीं पता था कि मैं जीतूंगी या नहीं। उस समय मुझे ऐसा लगा कि पता नहीं ये किस तरह की जिंदगी है, लेकिन उसी दौरान मुझे ये भी एहसास हुआ कि जब आप एक कलाकार बनते हैं तो आपको अपनी निजी जिंदगी को किनारे रखना पड़ता है, आपको दर्शकों के लिए काम करना पड़ता है, आपको उन्हें हंसाना पड़ता है। आप स्टेज पर ये नहीं कह सकते की आज थोडा कम हसूंगी क्योंकि मां आईसीयू में हैं।