परिवार में सदस्यों की मौत होने पर बैगा को मार डाला, आज दंतेवाड़ा पुलिस करेगी खुलासा

दंतेवाड़ा। जिले में जादू-टोने के शक में 55 साल के एक शख्स की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी गई। मृतक गांव में झाड़-फूंक और बड्डे का काम करता था। घटना के बाद पुलिस ने वारदात में शामिल दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। आज पुलिस मामले का खुलासा कर सकती है। मामला गीदम थाना क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान मेहरू यादव (55) निवासी हिरानार के रूप में हुई है। वह गांव में झाड़-फूंक करता था और बड्डे का काम करता था। बताया जा रहा है कि पिछके एक साल के अंदर आरोपियों के परिवार में तीन लोगों की मौत हो गई थी, जिसके बाद उन्हें मेहरू यादव पर जादू-टोना करने का शक हो गया था।
इसी शक के चलते एक दिन पहले देर रात गांव के ही दो चचेरे भाई अमित लेकामी (26) और दशमु (45) मेहरू यादव के घर में घुस गए। दोनों ने धारदार चाकू से उसका गला काट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही गीदम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है।

पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है। मामले की जांच भी चल रही है। पुलिस आज दोनों आरोपियों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर सकती है। गीदम थाना प्रभारी विजय पटेल ने कहा कि, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया था। आरोपियों को पकड़ लिया गया है। जांच जारी है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *