रायपुर: बाल दिवस के अवसर पर चेतना चाइल्ड एंड वूमेन वेलफेयर सोसाइटी द्वारा प्रगति विद्या मंदिर स्कूल के बच्चों के साथ मिलकर एक जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में बच्चों ने आदर्श भारत माता, महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू और सुभाष चंद्र बोस की जयकारों के साथ पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा का अधिकार, “पेड़ लगाओ, कल बचाओ”, “स्वच्छता अभियान”, “लड़का-लड़की एक समान, सबको शिक्षा सबको ज्ञान” जैसे जागरूकता भरे नारे लगाए। बच्चों ने अपनी उत्साहपूर्ण भागीदारी से समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास किया।
संस्था की डायरेक्टर इंदु साहू और मैनेजर पूनम साहू ने बताया कि आजकल बच्चे मोबाइल और कंप्यूटर जैसे तकनीकी उपकरणों में व्यस्त रहते हैं, जिससे वे जमीनी स्तर के खेलों से दूर हो गए हैं। इसके चलते उनका शारीरिक और मानसिक विकास प्रभावित हो रहा है। इसे ध्यान में रखते हुए, बच्चों को जमीनी खेलों से जोड़ने के उद्देश्य से विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इनमें कबड्डी, खो-खो, रस्साकसी, रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं शामिल थीं।
प्रतियोगिताओं में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को संस्था की ओर से पुरस्कृत कर उनकी हौसलाअफजाई की गई। इस आयोजन में स्कूल की प्रिंसिपल रोहिणी साहू, शिक्षक आशीष साहू, और अन्य शिक्षकों के साथ संस्था के सदस्य पूनम साहू, दिव्या साहू, रेखा मानिकपुरी, चंद्रिका देवांगन और भावना ठाकुर भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के समापन पर सभी ने बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना की और ऐसे आयोजनों के माध्यम से बच्चों को तकनीक से दूर कर खेलों से जोड़ने की आवश्यकता पर जोर दिया। इस पहल ने बच्चों में खेलकूद के प्रति रुचि बढ़ाई और समाज में जागरूकता फैलाने का एक महत्वपूर्ण संदेश दिया।