कुम्हारी। प्रख्यात कलाकार एवं शब्दभेदी बाण चलाने वाले विश्व के अकेले साधक के गांव भिंभोरी में गुरुवार को प्रसिद्ध सिने कलाकार एवं चिकित्सक डॉ अजय सहाय को इस वर्ष का प्रतिष्ठित कोदूराम वर्मा अगासदिया सम्मान प्रदान किया गया। इस सम्मान से अभिभूत हो उन्होंने कहा कि यह प्रतिष्ठित अगासदिया सम्मान मेरे लिए सेवा की एक नई प्रेरणा है, मैं सभी के उम्मीदों पर सदैव खरा उतर सकूं यही प्रयास रहेगा। कोदूराम वर्मा के पुत्र सालिकराम वर्मा ने बाण चालन कर पिता की परंपरा को नमन किया। उनके छोटे पुत्र बबला वर्मा तथा बुलाकी वर्मा सहित परिवारजनों ने अतिथियों का स्वागत किया कार्यक्रम में कवि सम्मेलन विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। कमलेश वर्मा के संचालन में प्रसिद्ध कवि चोवाराम बादल, राम ह्रदय वर्मा, संतोष परगनिहा एवं रामाधार नायक ने अपनी सरस कविताओं का पाठ किया। कार्यक्रम का संचालन महेश वर्मा ने एवं आभार राजेंद्र साहू ने व्यक्त किया।