रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा के बजट सत्र का दूसरा दिन हंगामाखेज रहा। सदन में विपक्ष ने सरकार को जमकर घेरा। हालांकि सत्ता पक्ष विपक्ष के हर गंभीर सवाल को तंज और ठिठोली में उड़ाता दिखा। इसके अलावा सीएम प्रमुख विपक्षी दल भाजपा को हंटरवाली के खौफ का हवाला भी देते रहे। विधानसभा में सीएम भूपेश बघेल ने अनुपूरक बजट पर भाषण के दौरान कहा कि, भाजपा हमेशा की तरह विधानसभा से भागने का रास्ता ढूंढ रही है। आज भी बीजेपी ने पलायन कर दिया। पता नहीं बजट सत्र की आगे की बैठक में बैठेंगे या नहीं। बीजेपी में सिर्फ़ अजय चंद्राकर, बृजमोहन अग्रवाल, शिवरतन शर्मा ही खेलते हैं। सौरभ सिंह एक्सट्रा प्लेयर हैं। इसके साथ ही 4 सौ 92 करोड़ 35 लाख 72 हज़ार 398 करोड़ रुपए का है तृतीय अनुपूरक पारित हो गया है।
गिनाए अपने काम अपने भाषण में सीएम बघेल ने कहा कि पिछली सरकार को साठ लाख मीट्रिक टन धान खरीदने में पसीना छूट जाता था, लेकिन इस बार हमने एक लाख टन से ज्यादा धान ख़रीदा। धान खरीदी केंद्रों की संख्या बढ़ाई। सात सौ नई सहकारी समितियों का गठन किया। इसकी वजह से किसानों को कहीं कोई दिक्कत नहीं होती। जेसीसी विधायक प्रमोद शर्मा के खिलाफ एफआईआर पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि, एक ही एफआईआर में तिलमिला गए। हमने बहुत एफआईआर झेला है। मुख्यमंत्री ने ये टिप्पणी प्रमोद शर्मा के उस बयान पर किया जिसमें अनुपूरक पर भाषण देते हुए प्रमोद शर्मा ने कलेक्टर-एसपी की पोस्टिंग बोली से करने का आरोप लगाया था। मुख्यमंत्री ने कहा कि, मैं दावे के साथ कह सकता हूँ कि कलेक्टर-एसपी की पोस्टिंग में कोई लेन देन नहीं होता। ये पिछली सरकार में होता था। कोई प्रमाण लेकर कह दें फिर जो बोलिए। मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि देश का 76 फीसदी वनोपज छत्तीसगढ़ से खरीदा जा रहा है। सरकारी योजनाओं के बूते बीजापुर जैसे ज़िले में इन सालों में पाँच हज़ार मोटरसाइकल और पाँच सौ से ज़्यादा ट्रैक्टर खरीदे गए हैं। श्री बघेल ने इसके अलावा भी कई काम गिनाए।