पटना: पटना सिविल कोर्ट को गुरुवार को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद हड़कंप मच गया। अज्ञात व्यक्ति द्वारा ईमेल के जरिए पूरे कोर्ट भवन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। इसकी सूचना मिलते ही एहतियातन अदालत परिसर को तुरंत खाली करा लिया गया। सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट में तैनात सुरक्षाकर्मियों ने सिविल कोर्ट के तीनों प्रवेश द्वार बंद कर दिए और किसी भी व्यक्ति के अंदर आने पर रोक लगा दी। घटना की जानकारी मिलते ही पीरबहोर थाने की पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की टीम मौके पर पहुंच गई। पूरे कोर्ट परिसर के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली जा रही है। हालांकि खबर लिखे जाने तक किसी संदिग्ध वस्तु की पुष्टि नहीं हुई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, सुरक्षा में किसी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जा रही है और हर एंगल से जांच की जा रही है। एसआई सिंकू कुमारी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए बताया कि धमकी भरे ईमेल के बाद सर्च किया जा रहा है। अभी तक किसी संदिग्ध वस्तु के बारे में पता नहीं चला है। टाउन डीएसपी राजेश रंजन ने बताया कि जब तक जांच पूरी नहीं हो जाती, सामान्य कामकाज शुरू करना जोखिम भरा होगा।
सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। कोशिश है कि न्यायिक कार्य जल्द सामान्य हो, लेकिन फिलहाल सतर्कता ही प्राथमिकता है। पुलिस साइबर एंगल से भी जांच कर रही है। गौरतलब है कि पटना सिविल कोर्ट को चार दिनों में यह तीसरी बार बम की धमकी मिली है। बुधवार को भी ईमेल के जरिए धमकी मिलने के बाद अदालत परिसर खाली कराया गया था, जिसके चलते पूर्णिया सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की पेशी नहीं हो सकी थी और सुनवाई स्थगित कर दी गई थी।