किरंदुल. एमएमडब्ल्यू यूनियन के प्रतिनिधि सदस्य ए के सिंह ने जानकारी दी है कि 9 अक्टूबर को एनएमडीसी मुख्यालय हैदराबाद में आयोजित आयोजित कॉर्पोरेट स्तरीय द्विपक्षीय समिति की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, प्रबंधन द्वारा प्रत्येक एनएमडीसी कर्मचारियों को 1,04,500/- रुपये (एक लाख चार हजार पांच सौ रुपये मात्र) की वार्षिक प्रदर्शन प्रोत्साहन राशि का भुगतान किया जाएगा। वर्ष 2020-21 में जब पूरी दुनिया कोविड-19 के संक्रमण से जूझ रही थी, अधिकांश कार्य ठप्प पड़ गए थे, अनेक कार्यालय बंद थे, उन कठिन चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी एनएमडीसी के कर्मठ श्रमिकों ने अपनी लगन, अनुशासन, कर्मशीलता, संयम का अद्भुत परिचय देते हुए कोविड के नियमों का अनुपालन करते लौह अयस्क के उत्पादन एवं प्रेषण का कीर्तिमान स्थापित किया था। कर्मवीरों की इस उपलब्धि पर वार्षिक प्रदर्शन प्रोत्साहन राशि की घोषणा की गई है। एनएमडीसी के सभी कर्मवीर साथियों को उनके एकता, कर्मठता की प्रशंसा करते हुए एमएमडब्ल्यू श्रम संघ के प्रतिनिधि सदस्य पी एल साहू, ए के सिंह ने बधाई एवं शुभकामनाएं दी है।