चारों स्कूली छात्राएं मिली, डांट की वजह से भागी थी घर से

मुंगेली। जिले के पथरिया थाना क्षेत्र स्थित पेठुलकापा गांव की चार स्कूली छात्राएं शुक्रवार शाम को गायब हो गईं थी। इसकी जानकारी मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही पथरिया पुलिस की टीम सक्रिय हो गई। पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए बच्चियों को बिलासपुर से बरामद किया है। सभी बच्चियों को सुरक्षित उनके घर पहुंचा दिया गया है। जानकारी के अनुसार, बच्चियों के स्कूल से न लौटने पर देर रात छात्राओं के स्वजन थाने पहुंचे। उनकी शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया गया था। 4 बच्चियों के एक साथ गायब होने से इलाके में हड़कंप मच गया था, वहीं पुलिस प्रशासन भी अलर्ट हो गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल बच्चियों की तलाश शुरू कर दी थी।

इस पुरे घटनाक्रम को लेकर पथरिया थाना प्रभारी आरएल चंद्रा ने बताया कि शुक्रवार की रात सूचना मिली कि पेठुलकापा गांव की चार छात्राएं गायब हैं।चारों बच्चियां 5वीं कक्षा में पढ़ती हैं। उन्होंने बताया कि पेठुलकापा गांव में रहने वाली छात्राएं रोज की तरह स्कूल गई थी। इसके बाद वे शाम तक अपने घर नहीं पहुंची। थाना प्रभारी चंद्रा ने बताया कि लापता छात्राओं की जानकारी आसपास के जिलों को भी दी गई।

गांव में पूछताछ के दौरान यह जानकारी सामने आई कि छात्राएं अपनी सहेलियों से पिकनिक पर जाने की बात कह रही थीं। इधर, सूचना मिलते ही बिलासपुर पुलिस भी सतर्क हो गई। शहर के प्रमुख इलाकों में तलाशी के दौरान चारों छात्राएं महाराणा प्रताप चौक के पास दिखी। इसके बाद उन्हें सिविल लाइन थाने लाया गया और मुंगेली पुलिस को इसकी सूचना दी गई। देर रात पथरिया थाना पुलिस परिजनों के साथ बिलासपुर पहुंची और छात्राओं को सकुशल सुपुर्द किया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *