टीम इंंडिया से बाहर होने के बाद रणजी में फेल हुए अजिंक्य रहाणे व चेतेश्वर पुजारा

श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के लिए चुनी गई टीम इंडिया में चेतेश्वर पुजारा और अजिंक्य रहाणे का नाम नहीं है। लंबे समय से खराब फार्म से जूझ रहे दोनों खिलाड़ी फिलहाल रणजी ट्राफी खेल रहे हैं। सौराष्ट्र के खिलाफ मैच में मुंबई की तरफ से शतक जमाने वाले रहाणे गुरुवार को एलीट ग्रुप-डी में गोवा के खिलाफ डक पर आउट हो गए। वहीं सौराष्ट्र के लिए खेलने वाले पुजारा भी ओड़िशा के खिलाफ सिर्फ आठ रन ही बना सके। उन्होंने मुंबई के खिलाफ मैच की दूसरी पारी में अच्छी बल्लेबाजी की थी।

रहाणे ने सौराष्ट्र के खिलाफ पहले मैच में 129 रन बनाए थे, लेकिन उन्हें श्रीलंका के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज के लिए टीम में नहीं चुना गया था। यह मैच ड्रा छूटा था, जिसमें पुजारा पहली पारी में खाता खोलने में नाकाम रहे थे, लेकिन दूसरी पारी में उन्होंने 91 रन की बड़ी पारी खेली थी। मुंबई और गोवा के बीच मैच की बात करें तो रहाणे जब बल्लेबाजी करने आए तो उनकी टीम 30 रन पर दो विकेट खोकर संकट में थी। ऐसे में उनपर पारी संभालने की जिम्मेदारी थी, लेकिन वह तीन गेंद बाद ही पवेलियन लौट गए। लक्ष्य गर्ग ने उन्हें एल्बीडब्ल्यू करके पवेलियन भेजा।

वहीं ओड़िशा के खिलाफ मैच में सौराष्ट्र की टीम को 72 रन पर दूसरा झटका लगा। इसके बाद पुजारा बल्लेबाजी करने आए और आठ रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इस दौरान उन्होंने छह गेंदों का सामना किया और दो चौके लगाए। देबब्रत प्रधान ने उन्हें देबाशीष सामंत्रे के हाथों कैच कराया। खराब फार्म के कारण रहाणे और पुजारा लंबे समय से आलोचकों के निशाने पर थे। दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी दोनों का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। टीम को 2-1 से सीरीज में हार का सामना करना पड़ा था। इस सीरीज से पहले रहाणे को उपकप्तान के पद से हटा दिया गया था। इसके बाद श्रीलंका के खिलाफ सीरीज में दोनों को टीम से बाहर कर दिया गया।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *