अफगानिस्तान की बेटी ने ‘रामलला’ के लिए भेजा जल, सीएम योगी ने अयोध्या में किया अभिषेक

अयोध्या: उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि परिसर में जारी राम मंदिर निर्माण स्थल पहुंचे थे। उन्होंने अफगानिस्तान की एक लड़की द्वारा भेजे गए काबुल नदी के पानी से श्रीराम जन्मभूमि का ‘जल अभिषेक’ किया। इस अवसर पर उन्होंने पूरे विधि विधान के साथ पूजा की। सीएम योगी ने इसे अफगानिस्तान की लड़की की भावना करार दिया था।
सीएम योगी आदित्यनाथ रविवार को अयोध्या पहुंचे थे। इससे पहले उन्होंने लखनऊ के अपने सरकारी कार्यालय में अयोध्या जाने की वजहों का खुलासा किया। सीएम योगी ने बताया कि अफगानिस्तान से एक लड़की ने काबुल नदी का जल पीएम नरेंद्र मोदी को भेजा था। लड़की व उनके परिवार की भावना का सम्मान करते हुए सीएम योगी इस जल को श्रीराम जन्मभूमि में समर्पित करेंगे। सीएम योगी ने अपने दौरे के संबंध में बताया था कि अयोध्या में होने वाले दीपोत्सव के कार्यक्रम की समीक्षा की जाएगी। दरअसल, दीपावली के पर्व पर भव्य आयोजन होना है। इसके साथ ही, अफगानिस्तान के काबुल नदी के पानी को भी जन्मभूमि में समर्पित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि दीपोत्सव के आयोजन के साथ ही बालिका की भावना को भी शामिल किया जाएगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में कहा था कि हम बेटियों की भावना की कद्र करते हैं। इस कार्यक्रम का यही उद्देश्य है। दरअसल, रविवार को गोरखपुर में कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी  वाड्रा की रैली थी। इस दौरान उन्होंने महिला अधिकारों की बात की। सीएम योगी आदित्यनाथ अफगानिस्तान की लड़की की भावना के माध्यम से महिला अधिकारों के प्रति सरकार की सजगता को जोड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *