सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने वाले आरोपी गिरफ्तार

जांजगीर। सिटी कोतवाली पुलिस ने सोशल मीडिया पर अश्लील वीडियो पोस्ट करने वाले आरोपी नंद किशोर राठौर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो से मिली शिकायत के आधार पर की गई है। पुलिस ने बताया कि वर्तमान में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स जैसे फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एनसीआरबी द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। इसके तहत अश्लीलता से संबंधित वीडियो देखने और पोस्ट करने पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। सारागांव थाना क्षेत्र के देवरी गांव निवासी नंद किशोर राठौर ने फेसबुक पर अश्लील वीडियो पोस्ट कर उसे प्रसारित किया था। इसे गंभीरता से लेते हुए सोमवार को उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।
एसपी विवेक शुक्ला ने आम जनता से अपील की है कि सोशल मीडिया पर महिलाओं और बच्चों से जुड़े अश्लील वीडियो या फोटो साझा न करें, यह एक अपराध है। साइबर टीम सोशल मीडिया साइट्स पर लगातार नजर बनाए हुए है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सोशल मीडिया पर किया गया पोस्ट व्यक्तिगत नहीं रहता, बल्कि वह व्यापक रूप से प्रसारित होता है। अतः किसी भी संदेश या फोटो-वीडियो को शेयर करने से पहले उसकी सत्यता की जांच अवश्य करें और गलत जानकारी साझा करने से बचें।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *