दुर्ग। उधारी में रकम लेने के बाद अभियुक्त द्वारा दिया गया चेक अनादरित हो गया. इस मामले में पंचम अपर सत्र न्यायाधीश दुर्ग दीपक कुमार कोशले की न्यायालय ने आरोपी के खिलाफ फैसला सुनाया है. न्यायालय ने आरोपी सुरेश कुमार पिल्लई को धारा 138 परक्राम्य लिखत अधिनियम के तहत चार माह का सश्रम कारावास तथा 6 लाख रुपए प्रतिकर राशि अदा करने का आदेश दिया है. परिवादी की ओर से अधिवक्ता अवधेश राय ने पैरवी की थी.
आरोपी सुरेश कुमार पिल्लई निवासी इंटरनेशनल तालपुरी कॉलोनी भिलाई की जान पहचान परिवादिनी श्रीमती इत्तु रानी दत्ता पति स्वर्गीय निरुपम दत्ता सड़क नंबर 21 सेक्टर 8 भिलाई से थी. अभियुक्त सुरेश कुमार पिल्लई को पैसे की आवश्यकता होने पर उसने 24 जनवरी 2015 को परिवादिनी के पति निरुपम दत्ता से चार लाख रुपए का चेक एवं 1 लाख रुपए नगद की राशि उधारी स्वरूप ली थी.