कटघोरा में ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट से आग, पास खड़ी कार जलकर राख

कोरबा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र में देर रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब ट्रांसफार्मर में हुए शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और पास में खड़ी एक कार को अपनी चपेट में ले लिया, जो पूरी तरह जलकर राख हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, अन्यथा आसपास की दुकानों को भी भारी नुकसान हो सकता था। जानकारी के अनुसार, घटना कटघोरा के मीरा टॉकीज वार्ड नंबर 7, अंबिकापुर रोड की है। देर रात करीब 1 बजे ट्रांसफार्मर में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ। शॉर्ट सर्किट से निकली चिंगारियों ने ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से जमा कचरे के ढेर में आग लगा दी। कुछ ही देर में कचरे का ढेर धू-धू कर जलने लगा और आग ट्रांसफार्मर तक पहुंच गई।

लपटें इतनी तेज थीं कि पास स्थित दुकान के बाहर खड़ी एक कार भी आग की चपेट में आ गई। आग की तीव्रता के चलते कार को बचाने का मौका नहीं मिला और वह पूरी तरह जल गई। घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी। दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि आग कुछ और देर तक फैलती, तो ट्रांसफार्मर के पास स्थित आधा दर्जन से अधिक दुकानों में भीषण आग लग सकती थी, जिससे बड़ा आर्थिक नुकसान होता। घटना के बाद से इलाके में बिजली सप्लाई ठप है। हादसे के लगभग 12 घंटे बाद भी बिजली बहाल नहीं हो सकी, जिससे स्थानीय निवासियों और व्यापारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। दुकानदारों ने बताया कि बिजली नहीं होने के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और गर्मी व दैनिक जरूरतों से जुड़ी दिक्कतें बढ़ गई हैं। इस स्थिति को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी और आक्रोश देखा जा रहा है।

स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने नगर पालिका की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया है कि ट्रांसफार्मर के नीचे लंबे समय से कचरे का ढेर जमा था। इसे हटाने के लिए कई बार शिकायत और पत्राचार किया गया, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते सफाई कर दी जाती, तो यह घटना टाली जा सकती थी। सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त ट्रांसफार्मर के सुधार का कार्य शुरू कर दिया गया है। विभागीय अधिकारियों ने जल्द बिजली सप्लाई बहाल करने का भरोसा दिलाया है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा और रखरखाव की व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *