रायपुर के AIIMS हॉस्पिटल की तीसरी मंजिल से गिरकर मरीज की मौत

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित AIIMS रायपुर में एक मरीज की तीसरी मंजिल से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान करण नायक बंजारा के रूप में हुई है। बताया गया है कि वह अस्पताल के बी ब्लॉक के बी4 वार्ड में भर्ती था। उसे रक्त संबंधी बीमारी के इलाज के लिए भर्ती किया गया था और उपचार जारी था। इसी दौरान वह तीसरी मंजिल से नीचे गिर गया।

गिरने की घटना के बाद उसे तुरंत संभालने की कोशिश की गई, लेकिन मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। परिजनों और अन्य लोगों का कहना है कि अस्पताल में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं हैं। आरोप यह भी लगाए जा रहे हैं कि मरीजों से ज्यादा सुरक्षाकर्मी होने के बावजूद पहले भी मरीजों के कीमती सामान चोरी होने की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। घटना की सूचना मिलते ही आमानाका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने अस्पताल प्रबंधन से जानकारी ली है और वार्ड में मौजूद स्टाफ व अन्य लोगों से पूछताछ की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना हादसा थी या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। फिलहाल पुलिस मामले को संदिग्ध मानते हुए सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति साफ होने की संभावना है। अस्पताल प्रबंधन की ओर से अभी तक विस्तृत बयान सामने नहीं आया है। घटना के बाद अस्पताल में भर्ती अन्य मरीजों और उनके परिजनों में भी चिंता का माहौल है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *