जहरखुरानी गिरोह ने बुजुर्ग दंपति समेत तीन यात्रियों को अपना शिकार बनाया, ट्रेन में खिलाया जहर

सुल्तानपुर: उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर में एक डरा देने वाला मामला सामने आया है. जहां सरयू एक्सप्रेस ट्रेन में सवार बुजुर्ग कपल समेत तीन यात्रियों को जहर खिला दिया गया. जिससे तीनों की हालत खराब हो गई. यह घटना सोमवार रात को हुई.

बाद में बेहोश यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस बात की जानकारी एक पुलिस अधिकारी ने न्यूज एजेंसी को दी. रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के इंस्पेक्टर राम कुमार वर्मा ने बताया कि पीड़ितों की पहचान हृदय नंद चौबे (84), उनकी पत्नी शैला देवी (76), और अनिल चौबे (40) के रूप में हुई है. ये सभी बिहार के चंपारण जिले के कल्याणपुर के रहने वाले हैं.

वे सरयू एक्सप्रेस से प्रयागराज से अयोध्या की ओर यात्रा कर रहे थे. तभी वे नशीला पदार्थ खिलाने वाले एक गिरोह का शिकार बन गए. जब ट्रेन सुल्तानपुर पहुंची, तो सह-यात्रियों ने राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) और RPF को इसकी सूचना दी. ट्रेन को कुछ देर के लिए रोका गया और तीनों पीड़ितों को ट्रेन से उतारकर एम्बुलेंस से सरकारी मेडिकल कॉलेज ले जाया गया. जहां उन्हें इलाज के लिए भर्ती कर लिया गया.

अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों की पहचान उनके पास मिले टिकटों और आधार कार्डों के आधार पर की गई. डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू कर दिया है और हृदय नंद चौबे की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है. अधिकारियों ने बताया कि पीड़ितों के परिवार वालों को सूचित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. वर्मा ने आगे कहा कि यह घटना कहां और कैसे हुई, इस बारे में पूरी जानकारी पीड़ितों के होश में आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *