तालाब में नहाने गए भाई-बहन की डूबने से मौत, भाई को बचाने उतरी बहन भी बनी हादसे का शिकार, परिवार में पसरा मातम

जशपुरनगर। जशपुर जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के ग्राम कलिया में सोमवार को एक दर्दनाक हादसा सामने आया, जहां तालाब में नहाने गए मासूम भाई-बहन की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कालिया निवासी 11 वर्षीय योगिता दास और 9 वर्षीय विष्णु दास, पिता जितेंद्र दास, सोमवार सुबह अपनी मां के साथ जंगल महुआ बीनने गए थे। दोपहर में करीब 3:30 बजे दोनों भाई-बहन गांव के ही तालाब में नहाने चले गए।

बताया जा रहा है कि सबसे पहले छोटा भाई विष्णु दास तालाब में नहाने के लिए उतरा। इसी दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। भाई को डूबता देख उसकी बड़ी बहन योगिता दास उसे बचाने के लिए तुरंत पानी में कूद गई, लेकिन तैरना ठीक से नहीं आने के कारण वह भी गहरे पानी में चली गई और दोनों डूब गए।

कुछ देर बाद आसपास मौजूद ग्रामीणों को घटना की जानकारी मिली, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल नारायणपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से तालाब में तलाश शुरू की गई।

काफी मशक्कत के बाद दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। पुलिस ने मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी करने के बाद दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा भेज दिया है।

इस हृदयविदारक घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव के लोग गहरे शोक में डूबे हुए हैं। पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *