सरगुजा। जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। आज सुबह 12वीं बोर्ड का पहला पेपर देने जा रहे दो छात्र NH43 मार्ग पर बाइक से जा रहे थे, तभी तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई। इस हादसे में एक छात्र की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया है। यह मामला बतौली थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, बेलकोटा निवासी निष्क एक्का और झेराडीह निवासी अनिकेश तिवारी 12वीं बोर्ड परीक्षा देने के लिए परीक्षा केंद्र जा रहे थे। इसी दौरान बतौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिपारा-कुनकुरी मुख्य मार्ग पर उनकी बाइक सड़क किनारे पड़ी गिट्टी में फिसल गई।
तेज रफ्तार के कारण बाइक करीब 20 मीटर तक घिसटती चली गई। हादसे में निष्क एक्का की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अनिकेश तिवारी गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायल छात्र को तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर रेफर किया गया। वहीं घटना की सूचना मिलते ही बतौली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।