चार दिन से जारी कड़कड़ाती ठंड ,ठंडी हवाओं से ठिठुरन बरकरार

इंदौर में पिछले चार दिन से जारी कड़कड़ाती ठंड को विराम मिल गया है। लगातार चार दिन तक बादल और बारिश के बाद सोमवार को मौसम साफ होना शुरू हुआ मंगलवार सुबह तक पूरी तरह से साफ आसमान दिखा। हालांकि ठंडी हवाओं के चलते कंपकंपी अभी भी बरकरार है। लोग स्वेटर के बिना घर से नहीं निकल सकते। वहीं मध्यप्रदेश में शीतलहर को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव हुआ है। अब 20 जनवरी तक स्कूल सुबह 10 बजे से ही संचालित होंगे। स्कूल शिक्षा विभाग ने शासकीय और अशासकीय स्कूलों के लिए इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से प्रभावशील होगा। प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने खुद इस संबंध में ट्वीट करके जानकारी शेयर की है।
मौसम साफ होने से चुभन वाली ठंड आई
मौसम विभाग के अनुसार सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो की सामान्य रहा। न्यूनतम 15.8 डिग्री रहा। यह सामान्य से 5.6 डिग्री ज्यादा था। मौसम विशेषज्ञ अजय कुमार शुक्ला के मुताबिक दिन का तापमान भले ही 20 डिग्री तक आ गया है फिर भी कंपकंपी महसूस हो रही है लेकिन ठंड के सीजन में जैसे लक्षण रहते हैं, वैसे अभी नहीं हैं। हवा में रूखापन, शरीर में चुभने वाली ठंड जो उत्तर भारत से आती है, वह इस सीजन में एक बार भी महसूस नहीं हुई है। रात का तापमान 10 डिग्री तक जाता है, तब ऐसी सर्दी महसूस होती है। चूंकि ठंड का सीजन है, स्वाभाविक रूप से तापमान कम होता है। ऊपर से बारिश होने की वजह से तापमान कम हो रहा है। मौसम साफ होने के बाद चुभन वाली ठंड के आसार बन सकते हैं।

चार दिन साफ रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार चार से पांच दिन तक मौसम साफ रहेगा। मंगलवार को मालवा के इंदौर और उससे सटे उज्जैन संभाग में कहीं-कहीं ओले गिरने की संभावना है। भोपाल और नर्मदापुरम संभाग में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। कोहरा जारी रह सकता है। जहां बादल नहीं छाएंगे वहां मौसम और साफ हो जाएगा। चार से पांच दिन के बाद फिर से बादल छाने की संभावना है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *