भारत में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार कमी देखने को मिल रही है। बीते 24 घंटे में कोविड-19 के 15,981 नए मामले सामने आने के बाद देश में संक्रमितों की कुल संख्या बढ़कर 3.40 करोड़ के पार पहुंच गई है। वहीं, कोरोना का इलाज करा रहे मरीजों की संख्या भी घटकर 2 लाख रह गई है, जो 217 दिन में सबसे कम है।
स्वास्थ्य मंत्रालय की ओर से जारी किए गए आंकड़ों के अनुसार, संक्रमण से 166 और लोगों की मौत के बाद मृतकों की संख्या बढ़कर 4,51,980 हो गई है। देश में लगातार 22 दिनों से कोविड-19 के दैनिक मामले 30 हजार से कम हैं और 111 दिन से 50 हजार से कम नए दैनिक मामले सामने आ रहे हैं। देश में उपचाराधीन मरीजों की संख्या भी घट कर 2,01,63 रह गई है, जो कुल मामलों का 0.60 प्रतिशत है। वहीं, मरीजों के ठीक होने की राष्ट्रीय दर 98.07 प्रतिशत है, जो मार्च 2020 के बाद से सर्वाधिक है।