ब्रेस्ट में गांठ का इलाज कराने पहुंची महिला का डॉक्टर ने बनाया वीडियो! वायरल करने की धमकी देकर सालों किया रेप

कानपुर से एक शर्मनाक घटना प्रकाश में आई है। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज में तैनात रहे सीनियर डॉक्टर पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया है। एक मरीज सबसे से ज्यादा भरोसा डॉक्टर पर करता है। लेकिन वही डॉक्टर जब पेशेंट का अश्लील वीडियो बनाकर शारीरिक शोषण करने लगे, तो इससे ज्यादा घिनौनी करतूत कुछ नहीं हो सकती है। पीड़ित महिला का आरोप है कि सीनियर ने आपत्तिजनक वीडियो बनाया। इसके बाद डॉक्टर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर बीते कई वर्षों से रेप कर रहा है। पीड़िता ने कल्यानपुर थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज से संबद्ध हैलट अस्पताल में तैनात रहे सीनियर डॉक्टर पर रेप का आरोप लगा है। कल्यानपुर थाना क्षेत्र में रहने वाली महिला (30) को दाहिने स्तन में गांठ की समस्या थी। महिला सन् 2018 में हैलट अस्पताल में स्तन की गांठ का इलाज कराने के लिए पहुंची थी। पीड़ित महिला का आरोप है कि हैलट के सीनियर डॉक्टर इलाज कर रहे थे। जब भी डॉक्टर से परामर्श के लिए जाती थी, तो डॉ मोबाइल की टॉर्च जलाकर स्तन का परीक्षण करते थे। डॉक्टर के कहने पर स्तन से आंचल हटा देती थी।

पीड़िता ने बताया कि इसी डॉक्टर ने मोबाइल से मेरे कई अश्लील वीडियो बना लिए। इसकी जानकारी मुझे खुद डॉ प्रेम सिंह ने दी। जब मैंने इसका विरोध किया, तो डॉक्टर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर जबरन बालात्कार करने लगा। जब मैंने डॉक्टर की शिकायत पुलिस से करने की बात कही, तो डॉक्टर जान से मारने की धमकी देने लगा। इसके बाद से मैं मानसिक रूप से परेशान रहने लगी। इस बीच मेरा मानसिक उपचार भी चलता रहा।

पीड़िता ने बताया कि डॉक्टर का 2021 में गैर जिले में ट्रांसफर हो गया। इसके बाद भी डॉ प्रेम कानपुर आकर होटल और प्राइवेट रूम में लगातार दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का कहना है कि किसी तरह से हिम्मत जुटाकर शासन और प्रशासन को पत्र लिखे। लेकिन डॉक्टर के रसूख के चलते उस पर किसी तरह की कार्रवाई नहीं हुई। जिसकी वजह से मैं और भी टूट गई। मैंने पूरा घटनाक्रम की जानकारी अपने परिवार को दी।

पीड़ित महिला ने कल्यानपुर थाने में आरोपी डॉक्टर के खिलाफ प्रार्थना पत्र दिया था। पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर डॉक्टर के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 और 504 में केस दर्ज किया गया है। इस मामले की विवेचना विवेचना इंस्पेक्टर राजेश यादव कर रहे हैं।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *