शिलांग: मेघालय में एक भयावह हादसा हुआ है. यहां तूरा से शिलॉन्ग जा रही एक बस रिंगडी नदी में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में अब तक छह यात्रियों के मारे जाने की जानकारी मिली है. बताया जा रहा है कि यह हादसा देर रात 12 बजे हुआ है. घायलों को अस्पताल में एडमिट करा दिया गया है. अन्य यात्रियों को बचाने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
नदी में से चार शवों को बरामद कर लिया गया है, जबकि दो शव अभी भी बस के भीतर फंसे हुए हैं. पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के मुताबिक, 16 घायलों को अस्पताल में एडमिट कराया गया है. यह हादसा नॉन्गश्राम पुल पर हुआ है, जो ईस्ट गारो हिल्स और वेस्ट खासी हिल्स जिले की बॉर्डर पर स्थित है. फिलहाल अधिक जानकारी की प्रतीक्षा की जा रही है…।