जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में फिर से कमल खिलाने के लिए भाजपा ने विधानसभा चुनाव की तैयारी तेज कर दी है।भाजपा के छत्तीसगढ़ प्रभारी व केंद्रीय चुनाव समिति के सदस्य ओम माथुर दो दिन के बस्तर प्रवास पर 10 अप्रैल को जगदलपुर आएंगे। आगामी विधानसभा चुनाव की पार्टी की तैयारी की समीक्षा करेंगे। इसी दिन बस्तर लोकसभा क्षेत्र के पार्टी कार्यकर्ताओं का संभागीय सम्मेलन भी आयोजित किया जाएगा।
जगदलपुर में संभागीय सम्मेलन में कार्यकर्ताओं का करेंगे मार्गदर्शन
दो दिन के दौरे में एक दिन उनका मां दंतेश्वरी के दर्शन के लिए दंतेवाड़ा जाने का कार्यक्रम भी बन रहा है। पिछले साल छत्तीसगढ़ प्रभारी बनने के बाद से माथुर का प्रदेश के सभी संभागों का दौरा हो चुका है। पिछले माह वे कांकेर तक आए थे और वहीं से लौट गए थे। बस्तर लोकसभा क्षेत्र में उनका यह पहला प्रवास होगा।
बस्तर जिला भाजपा अध्यक्ष रूपसिंह मंडावी से चर्चा करने पर उन्होंने बताया कि ओम माथुर के बस्तर प्रवास का आधिकारिक कार्यक्रम अभी जारी नहीं हुआ है। एक दो दिन में दौरा कार्यक्रम जारी हो जाएगा। प्रदेश संगठन से मौखिक सूचना मिली है जिसमें 10 अप्रैल को उनके बस्तर आने की बात कही गई है।
इसी को संभावित तिथि मानकर तैयारी शुरू की जा चुकी है। मिली जानकारी के अनुसार क्षेत्रीय संगठन मंत्री अजय जामवाल, प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय भी ओम माथुर के साथ जगदलपुर आ सकते हैं।