हैवानियत: महिला पुलिस कांस्टेबल से नीमच में सामूहिक दुष्कर्म, पांच के खिलाफ केस दर्ज, दो गिरफ्तार

मध्यप्रदेश के नीमच में महिला पुलिसकर्मी से तीन व्यक्तियों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया और पीड़िता को धमकाते रहे। इस मामले में पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया और दो को गिरफ्तार कर लिया।

करीब एक महीने पहले हुई थी घटना
जानकारी के मुताबिक, यह वारदात करीब एक महीने पहले हुई थी। इस मामले में पीड़िता ने 13 सितंबर को शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। इनमें मुख्य आरोपी की मां भी शामिल है।

पुलिस ने गिरफ्तार किए दो आरोपी
इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने मुख्य आरोपी और उसकी मां को गिरफ्तार कर लिया। यह जानकारी महिला पुलिस थाने की इंचार्ज अनुराधा गिरवाल ने दी। उन्होंने बताया कि आरोपी ने पीड़िता के साथ दोस्ती की थी और अप्रैल में व्हाट्सएप पर बात करने लगा। उसने अपने छोटे भाई के जन्मदिन की पार्टी में बुलाया। वहां तीन लोगों ने पीड़िता के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।

पीड़िता ने दी थी यह जानकारी
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि मुख्य आरोपी, उसके भाई और एक अन्य शख्स ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उस दौरान आरोपियों ने घटनाक्रम का वीडियो भी बना लिया। पीड़िता का कहना है कि मुख्य आरोपी की मां और एक रिश्तेदार उसे जान से मारने की धमकी देते थे। साथ ही, पैसे की मांग करते थे। बता दें कि पीड़िता पहले नीमच में ही तैनात थी, लेकिन अब इंदौर में कार्यरत है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

 

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *