रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य के जशपुर जिले में दिव्यांगों के ट्रेनिंग सेंटर में एक युवती के साथ दुष्कर्म और 5 अन्य युवतियों के साथ छेड़छाड़ किए जाने का मामला प्रकाश में आने के बाद सनसनी फैल गई है। जिला खनिज संस्थान न्यास विधि द्वारा संचालित समर्थ नाम के प्रशिक्षण शिविर में दिव्यांग लड़कियों को कई तरह के कौशल ट्रेनिंग अभियान चलाए जाते हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, ट्रेनिंग सेटर के चौकीदार और केयर टेकर पर रेप और छेड़छाड़ का आरोप लगा है।
घटना तीन दिन पुरानी बताई जा रही है, इस खुलासा शनिवार को हुआ, जब युवतियों के परिवार वाले उनसे मिलने पहुंचे। छात्रावास में रहने वाले बच्चे बोल और सुन नहीं पाते हैं। पुलिस ने सभी लड़कियों को मेडिकल टेस्ट के लिए भेज दिया है। मामले के आरोपी केयर टेकर और चौकीदार को पुलिस ने अरेस्ट कर लिया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना गुरुवार रात को ही दे दी गई थी।
विजय अग्रवाल, जशपुर जिले के पुलिस अधीक्षक ने जानकारी देते हुए बताया है कि घटना 22 सितंबर की है, पुलिस को सूचना मिली तो तत्काल कार्रवाई करते हुए ASP को महिलाओं की एक टीम के साथ जांच के लिए केंद्र पर भेजा गया। शुरूआती जांच में नाबालिगों के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ की जानकारी सामने आई है। सभी पीड़िताओं की आयु 14 से 16 वर्ष बताई जा रही है।