पीएम मोदी ने की अपनी संपत्ति की घोषणा, जानिए कितने करोड़ के मालिक हैं ‘प्रधानमंत्री’

नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी की कुल संपत्ति 3.07 करोड़ रुपए की है. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, गत वर्ष उनकी संपत्ति 2.85 करोड़ रुपए की थी, जिसमें इस साल 22 लाख का इजाफा हुआ है. कई अन्य मंत्रियों की तरह, पीएम मोदी का शेयर बाजार में कोई पैसा नहीं लगा हुआ है. पीएम मोदी द्वारा किए गए सेल्फ डिक्लेरेशन के अनुसार, उनका निवेश 8.9 लाख के राष्ट्रीय बचत प्रमाणपत्र, 1.5 लाख की जीवन बीमा पॉलिसियों और L&T इन्फ्रास्ट्रक्चर बॉन्ड के रूप में है. जिसे उन्होंने वर्ष 2012 में 20,000 रुपए में खरीदा था.

पीएम मोदी की संपत्ति में वृद्धि मुख्य रूप से भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की गांधीनगर ब्रांच में उनके फिक्स्ड डिपाजिट की वजह से हुई है. पीएम मोदी द्वारा दायर स्व-घोषणा के मुताबिक, फिक्स्ड डिपाजिट की राशि 31 मार्च 2021 को 1.86 करोड़ रुपए थी, जबकि गत वर्ष 1.6 करोड़ थी. पीएम मोदी के पास कोई वाहन नहीं है. उनके पास सोने की चार अंगूठियां हैं, जिनका मूल्य लगभग 1.48 लाख रुपये है. 31 मार्च, 2021 को उनका बैंक बैलेंस 1.5 लाख रुपए और नकद 36,000 रुपए है, जो गत वर्ष की तुलना में कम है.

बता दें कि नरेंद्र मोदी ने 2014 में PM पद संभालने के बाद से कोई नई संपत्ति नहीं खरीदी है. 2002 में खरीदी गई उनकी एकमात्र आवासीय संपत्ति का मूल्य 1.1 करोड़ रुपए है. यह एक संयुक्त संपत्ति है और इसमें पीएम मोदी का सिर्फ एक-चौथाई हिस्सा है. कुल 14,125 वर्ग फुट की इस संपत्ति में से, पीएम मोदी के हिस्से में 3,531 वर्ग फुट की भूमि है. बता दें कि, अटल बिहारी वाजपेयी के कार्यकाल के दौरान, सरकार ने फैसला लिया था कि सार्वजनिक जीवन में अधिक पारदर्शिता के लिए सभी केंद्रीय मंत्रियों को प्रत्येक वित्तीय वर्ष के आखिर में स्वेच्छा से अपनी संपत्ति और देनदारियों का ऐलान करना होगा. पीएम मोदी की घोषणाएं सार्वजनिक डोमेन पर मौजूद हैं और इसे PM की वेबसाइट पर देखा जा सकता है.

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *