रायपुर. छत्तीसगढ़ के नए राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन ने आज राज्यपाल पद की शपथ ली. राजभवन के दरबार हॉल में आयोजित गरिमामय समारोह में बिश्वभूषण हरिचंदन ने छत्तीसगढ़ के नौवें राज्यपाल के रूप में अपने पद की शपथ ली. उच्च न्यायालय, बिलासपुर के मुख्य न्यायधिपति न्यायमूर्ति अरूप कुमार गोस्वामी ने उन्हें शपथ दिलाई. कार्यक्रम में सीएम भूपेश बघेल, पूर्व मुख्यमंत्री डाॅ. रमन सिंह समेत कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे.
राज्यपाल बिश्वभूषण हरिचंदन के छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के रूप में शपथ ग्रहण उपरांत प्रदेश के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने पुष्पगुच्छ भेंटकर अभिवादन किया और शुभकामनाएं दी. 89 वर्ष के हरिचंदन जनसंघ के समय के दमदार नेता हैं. वे राजनेता के साथ-साथ कानून के जानकार और साहित्यकार भी हैं. इससे पहले उन्होंने 2019 से 2023 तक आंध्रप्रदेश के 23वें राज्यपाल के रूप में जिम्मेदारी निभाई. बिश्वभूषण हरिचंदन ओडिशा भाजपा के संस्थापक अध्यक्ष थे. वे 1980 से 1988 तक लगातार तीन बार अध्यक्ष चुने गए.