तुर्किये में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। पिछले 36 घंटों में पांचवीं बार तुर्किये में भूकंप के झटके महसूस किए गए हैं। यूरोपीय भूमध्यसागरीय भूकंप विज्ञान केंद्र (ईएमएससी) के अनुसार, पूर्वी तुर्किये क्षेत्र में 5.7 तीव्रता का भूकंप आया है। भूकंप का केंद्र 46 किमी (28.58 मील) की गहराई पर था। इससे पहले आज सुबह भी मध्य तुर्किये में 5.6 तीव्रता का भूकंप आया था।
बता दें कि एक दिन पहले भी तुर्किये और सीरिया में भूकंप के जोरदार झटके महसूस किए गए थे। 7.8 की तीव्रता वाले भूकंप ने दोनों देशों में हजारों लोगों की जान ले ली है। करीब चार हजार से अधिक लोगों की भूकंप के कारण जान चली गई है। तुर्किये में 7.8, 7.6 और 6.0 तीव्रता के लगातार 3 भूकंप आए थे।
अब तक 5000 लोगों की मौत
तुर्किये और सीरिया में शक्तिशाली भूकंपों के कारण अब तक 5000 लोग मारे गए हैं। तुर्किये-सीरिया में व्यापक तबाही के बीच मरने वालों की संख्या में वृद्धि जारी है। बता दें कि भारत ने अब तक भूकंप प्रभावित तुर्की में दो बचाव दल भेजे हैं।