नई दिल्ली। मशूहर अभिनेता प्रेम चोपड़ा बॉलीवुड के फेमस विलेन में से एक हैं। उन्होंने बॉलीवुड फिल्मों में 60 साल विलेन बनकर राज किया और वह मकाम हासिल किया जिसकी ख्वाहिश हर अभिनेता करता है। प्रेम चोपड़ा का जन्म 23 सितम्बर,1935 को लाहौर में हुआ था। 1947 में भारत-पाकिस्तान विभाजन के बाद प्रेम अपने परिवार के साथ शिमला आ गए। प्रेम की प्रारंभिक शिक्षा शिमला में ही हुई। इसके बाद स्नातक की पढ़ाई उन्होंने पंजाब विश्वविद्यालय से की। इस दौरान प्रेम का झुकाव अभिनय की तरफ हुआ और वह कॉलेज में होने वाले नाटक कार्यक्रमों में हिस्सा लेने लगे। पढ़ाई पूरी करने के बाद अभिनेता बनने का सपना लिए प्रेम मुंबई आ गए। यहां आने के बाद प्रेम का फिल्मी दुनिया में कदम रखना आसान नहीं था। इस दौरान संघर्ष के शुरुआती दिनों में उन्होंने अखबार बेचने का काम शुरू किया। उन्होंने ‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ के सर्कुलेशन विभाग में भी काम किया।
लम्बे संघर्ष के बाद उन्हें 1960 में आई फिल्म ‘मुड़-मुड़ के ना देख’ में काम करने का मौका मिला। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर कोई खास कमाल नहीं दिखा पाई। इसके बाद प्रेम को पंजाबी फिल्म ‘चौधरी कर्नल सिंह’ में काम करने का मौका मिला। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही। 1960 में प्रेम चोपड़ा की फिल्म ‘वो कौन थी’ आई। प्रेम इस फिल्म में खलनायक की भूमिका में नजर आये। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही और प्रेम को कई फिल्मों के ऑफर मिलने लगे। उन्होंने बॉलीवुड की कई फिल्मों में दमदार अभिनय से दर्शकों के दिलों को जीता।