गौतमबुद्धनगर। इंस्टाग्राम के जरिए मित्र बनी एक महिला से मिलने दिल्ली गया गौतमबुद्ध नगर जिले का एक किशोर कथित रूप से लापता हो गया है. जिसको लेकर पुलिस के हाथ पैर फूल गए हैं. फिलहाल परिजनों की तहरीर पर पुलिस किशोर की तलाश में जुटी हुई है.
दरअसल, पूरा मामला गौतमबुद्ध नगर के कुलीपुरा गांव का है. जहां दसवीं में पढ़ने वाला शांतनु की इंस्टाग्राम पर एक महिला से संपर्क में था. दोनों की लंबे समय से बातचीत होती थी. इसी बीच महिला के बुलाने पर युवक उससे मिलने गया था. जिसके बाद से वह कथित रूप से गायब बताया जा रहा है.
मामले में थाना कासना के प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि कुलीपुरा गांव निवासी शांतनु (16) दसवीं का छात्र है. शुक्ला ने बताया कि उसकी इंस्टाग्राम पर एक महिला से बातचीत होती थी और उसी के बुलाने पर वह अपने दोस्त के साथ शुक्रवार को दिल्ली के शाहदरा स्थित मेट्रो स्टेशन गया था. जहां उसकी महिला मित्र मास्क और चश्मा लगाकर उससे मिली थी.