बिलासपुर। कोरोना महामारी की स्थिति में लगातार सुधार आ रही है। संक्रमण गिरते क्रम में आने लगा है। महीने की शुरूआत में रोजाना 30 से ज्यादा मरीज मिल रहे थे। वहीं, अब यह संख्या घटकर 10 से नीचे आ गई है। शुक्रवार को सात मरीज की पहचान की गई है। साफ है कि धीरे-धीरे स्थिति संभलती जा रही है। शुक्रवार को मिले सभी सात मरीज शहर के रहने वाले हैं। साफ है कि ग्रामीण क्षेत्र अब पूरी तरह से सुरक्षा दायरे में आ गया है। इसी वजह से ग्रामीण क्षेत्रों में मरीज मिलने का सिलसिला थम गया है।
महामारी से मिल रही राहत के बीच अब शहर पर पूरा ध्यान लगाया जा रहा है। शहर में मरीजों की संख्या कम करना पहली प्राथमिकता बनाकर नियंत्रण कार्य किया जा रहा है। संभलती स्थिति को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग भी जिलेवासियों को कोरोना गाइडलाइन का पालन करने की सलाह दी है। इससे तेज गति से कोरोना महामारी को पूरी तरह से नियंत्रण में लाया जा सकता है। हालांकि त्योहारी सीजन से थोड़ी चिंता बढ़ा दी है। इसकी वजह से बाजारों में अनियंत्रित भीड़ उमड़ने लगी है। ऐसे में तेजी से वायरस फैल सकता है।
शहर में 18 हजार टीकाकरण का लक्ष्य
जिले में 20 और 21 अगस्त को कोरोना टीकाकरण महाअभियान चलाया जाएगा। इसके लिए प्रशासन स्तर पर तैयारी की जा रही है। प्रयास है कि वंचित सभी लोगों का टीकाकरण किय जाए ताकि महापामरी पर नियंत्रण पाया जा सके। इससे पहले लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत शहर में पहले दिन 18 हजार टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके लिए 86 टीकाकरण केंद्र संचालित होंगे। वार्ड स्तर पर भी नए टीकाकरण केंद्र बनाए गए हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए नगर निगम, शिक्षा विभाग, महिला बाल विकास विभाग भी सहयोग दे रहे हैं।