धार: आज यानी सोमवार को सुबह मध्यप्रदेश में एक बड़ा हादसा हो गया। यहाँ खरगोन और धार जिले की सीमा पर 55 यात्रियों से बस नर्मदा नदी में गिर गई। इस मामले में बताया जा रहा है दुर्घटना खलघाट में बने नर्मदा पुल की है। जी हाँ और अब तक मिली जानकारी के तहत महाराष्ट्र रोडवेज की यह यात्री बस इंदौर से पुणे जा रही थी और जैसे ही इस बारे में सूचना मिली वैसे ही पुलिस-प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया है। सामने आने वाली खबरों के अनुसार खरगोन-धार डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए हैं। वहीं एसपी खरगोन धर्मवीर सिंह का कहना है कि 13 शव बाहर निकाल लिए गए हैं जबकि 15 लोगों का रेस्क्यू कर लिया गया है।
बचाए गए लोगों में से 5-7 लोगों की हालत बेहद गंभीर है, जिन्हें नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी तरफ इस मामले के बारे में जानकारी मिलते ही प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुःख जताया है। CM शिवराज ने ट्वीट में लिखा है, ”खरगोन के खलघाट में बस के खाई में गिरने से हुई दुर्घटना का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान और परिजनों को यह गहन दु:ख सहन करने की शक्ति देने तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं।”