किरंदुल. बैलाडीला योग समिति किरंदुल के तत्वाधान एवं एनएमडीसी लिमिटेड किरंदुल परियोजना के सौजन्य से बीआईओपी विद्यालय के सभागार में योगाभ्यास कर 8वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। विदित हो कि 27 सितम्बर 2014 को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा संयुक्त राष्ट्र संघ में 21 जून को योग दिवस मनाए जाने के सम्बंध में प्रस्ताव रखे जाने पर 11 दिसम्बर 2014 को संयुक्त राष्ट्र संघ द्वारा इस पर सहमति व्यक्त करते हुए 21 जून 2015 से प्रति वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाये जाने की घोषणा की गई थी, तब से प्रति वर्ष यह मनाया जाता है। इस वर्ष का थीम है “मानवता के लिए योग”। इसी तारतम्य में बैलाडीला योग समिति किरंदुल द्वारा अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर गरिमामयी आयोजन किया गया।

सर्वप्रथम उप महाप्रबंधक (कार्मिक) बी के माधव, एमएमडब्ल्यूयूनियन के सचिव ए के सिंह, बीआईओपी विद्यालय के प्राचार्य ए विश्वास, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य बी सी द्विवेदी, डीएवी विद्यालय के प्राचार्य पी एल वर्मा के करकमलों से भारत माता के तैल चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। ततपश्चात योग गुरु राजेश सिन्हा एवं विश्वास द्वारा उपस्थित बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों, अतिथियों को योगाभ्यास कराया गया। इस अवसर पर बैलाडीला योग समिति के डी पी डेहरिया, प्रकाशचंद्र जैन, अशोक शर्मा, राजू राव, तुलेश्वर निषाद, तुलसीदास नेताम, योग शिक्षिका साधना, राजेन्द्र यादव उपस्थित थे। मंच संचालन वरिष्ठ शिक्षक राजनाथ द्वारा किया गया। इस आयोजन में बीआईओपी विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय, डीएवी स्कूल, प्रकाश विद्यालय के विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।