छत्तीसगढ़ सरकार पर भाजपा महासचिव डी पुरंदेश्वरी ने बुधवार को बड़ा हमला बोला। उन्होंने सरकार पर झूठ और छल की बुनियाद पर सरकार बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कांग्रेस पर छत्तीसगढ़ में चुनावों से पहले किए गए वादों को पूरा न करने का भी आरोप लगाया।
भाजपा महासचिव डी पुरंदेश्वरी मंगलवार को शुरू हुए भाजपा के चिंतन शिविर में अपनी बात रख रही थीं। उन्होंने मुख्यमंत्री भूपेश बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा सत्ता में थी तो उनकी सरकार ने किसानों के कल्याण के लिए कई कदम उठाए। 2018 के अंत में कांग्रेस के सत्ता में आने के बाद से राज्य में लगभग 500 किसानों ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली है।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के लोग अब तक समझ गए होंगे कि कांग्रेस ने झूठ और छल की नींव पर अपनी सरकार बनाई थी। पुरंदेश्वरी ने कहा कि यदि आप उनके घोषणापत्र (2018 के चुनावों के लिए) को देखें, तो यह स्पष्ट है कि कांग्रेस ने अपने उन वादों को पूरा नहीं किया, जिनके आधार पर वह सत्ता में आई थी। उन्होंने राज्य के हर वर्ग को धोखा दिया है।
मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को उन्होंने आड़े हाथों लिया। बघेल पर निशाना साधते हुए कहा कि सीएम खुद को किसान का बेटा बताते हैं और कहते हैं कि किसानों को 2,500 रुपये (धान खरीद के लिए प्रति क्विंटल) दिए जा रहे हैं। लेकिन इसका एक और पक्ष है कि राज्य में उनकी पार्टी के सत्ता में आने के बाद से अब तक 500 किसानों ने आत्महत्या की है।