पीईटी में सात हजार व पीपीएचटी की परीक्षा में 10 हजार छात्र अनुपस्थित

रायपुर। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) द्वारा रविवार को प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट (पीईटी) और प्री-फार्मेसी टेस्ट (पीपीएचटी) हुआ। पीईटी में 7,330 तथा पीपीएचटी में 10,800 छात्र शामिल नहीं हुए। बता दें कि इंजीनियरिंग पाठ्यक्रम में दाखिले के लिए सुबह नौ से 12:15 बजे तक परीक्षा हुई। इसके लिए रायपुर में 10 समेत राज्य भर में 70 केंद्र बनाए गए थे। प्रदेश भर से 19,820 छात्रों ने आवेदन किए थे, जिनमें से 12,490 शामिल हुए। फार्मेसी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए दोपहर दो से शाम 5:15 तक परीक्षा हुई। 33,154 आवेदनों में 22,354 छात्र परीक्षा में बैठे। कुल 67 प्रतिशत उपस्थिति रही।
इंजीनियरिंग की पढ़ाई के लिए परीक्षा देकर निकले राहुल शर्मा, राजेश राठौर ने बताया कि गणित के अलावा सामान्य ज्ञान से जुड़े सवाल पूछे गए थे। कुछ सवाल सिलेबस से हटकर भी आए थे। पीपीएचटी की परीक्षा देकर निकली नीलम साहू, योगेंद्र विश्वकर्मा ने बताया कि हमने पिछले वर्ष के प्रश्न-पत्र को हल किया था। इस बार परीक्षा थोड़ी कठिन थी, लेकिन तैयारी अच्छी तरह की गई थी। हमें अच्छा कालेज मिलने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि राज्य में इंजीनियरिंग की 11,291 सीटें हैं। ऐसे में इस बार इंजीनयरिंग की सीटें पाना आसान होगा, जबकि बी-फार्मेसी की 3,192 है। इसके लिए 22,354 आवेदकों के बीच मुकाबला है। वर्ष-2021 की बात करें तो इंजीनियरिंग की 42 प्रतिशत सीटें ही भर पाई थीं, जबकि फार्मेसी की लगभग शत-प्रतिशत सीटें भर गई थीं।
प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट (पीएटी) पांच जून को
व्यापमं द्वारा एग्रीकल्चर पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए प्री-एग्रीकल्चर टेस्ट पांच जून को आयोजित किया गया है। इसमें करीब 2500 सीटों के लिए अब तक 48 हजार आवेदन आए हैं, जो पिछले वर्ष के मुकाबले 18 हजार अधिक हैं।
बीएससी नर्सिंग की परीक्षा 19 जून को
व्यापमं द्वारा बीएससी नर्सिंग प्रवेश परीक्षा 19 जून को तय की गई है। एमएससी नर्सिंग और पोस्ट बीएससी नर्सिंग में दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा तीन जुलाई को होगी। इन परीक्षाओं के लिए आनलाइन आवेदन लिए जा रहे हैं। बीएससी नर्सिंग के लिए आनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 26 मई, एमएससी नर्सिंग और पोस्ट बीएससी नर्सिंग के लिए आवेदन 29 मई तक लिए जाएंगे।
व्यापमं की परीक्षा के लिए तय शेड्यूल
परीक्षा का नाम – आवेदन अंतिम तिथि – परीक्षा तिथि
पीपीटी, प्री-एमसीए – 10 मई – 29 मई
पीएटी, पीवीपीटी – 15 मई – 5 जून
प्री-बीएड, डीएलएड – 22 मई – 12 जून
प्री-बीएबीएड, बीएससी बीएड – 26 मई – 19 जून
बीएससी नर्सिंग – 26 मई – 19 जून
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *