मामला नगर पंचायत अड़भार के वार्ड क्रमांक- 3 सुंदर कटकवार वार्ड का
3 माह पूर्व विद्युत अधिकारियों को अवगत कराने के बावजूद नहीं बदला जा रहा ट्रांसफार्मर
अड़भार में ही दशकों से स्थापित है 133 केवी का सब स्टेशन
सक्ति-वर्तमान समय में पड़ रही भीषण गर्मी के कारण जहां घरों में लोगों को पंखे एवं कूलर राहत पहुंचाते हैं, तो वहीं नगर पंचायत अड़भार के वार्ड क्रमांक- 3 सुंदर कटकवार वार्ड के नागरिक इन दिनों विद्युत ट्रांसफार्मर की परेशानियों से जूझ रहे हैं, तथा अड़भार शहर में दशकों से छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल द्वारा 133 केवी का विद्युत सब स्टेशन स्थापित किया गया है, जिससे शक्ति शहर सहित आसपास के अनेकों इलाकों में विद्युत आपूर्ति की जाती है, किंतु अड़भार शहर के नागरिक ही विद्युत की समस्या से परेशान हो रहे हैं
तथा नगर पंचायत अड़भार क्षेत्र के वार्ड क्रमांक- 3 सुंदर कटकवार वार्ड के नागरिकों द्वारा लगभग 3 माह पूर्व ही विद्युत मंडल के अधिकारियों को इस समस्या के संबंध में अवगत करा दिया गया है, किंतु दुर्भाग्य है कि आज पर्यंत तक उक्त वार्ड का ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया, जिसके चलते आए दिन उक्त ट्रांसफार्मर में तकनीकी खराबी के चलते विद्युत आपूर्ति बाधित हो जाती है, तथा बाद में विद्युत विभाग को खबर करने के बाद घंटों बाद वहां कर्मचारी पहुंचते हैं, तथा वार्ड के नागरिकों का कहना है कि उक्त ट्रांसफार्मर तकनीकी रूप से बदलने लायक हो गया है, तथा अगर ट्रांसफार्मर नहीं बदला गया तो इसी तरह से मोहल्ले के नागरिकों को तथा विद्युत उपभोक्ताओं को आए दिन परेशानियों का सामना करना पड़ेगा तथा उक्त ट्रांसफार्मर की तकनीकी कमी के चलते यह हालत है कि रात को अचानक 2:00 बजे ट्रांसफार्मर से विद्युत आपूर्ति बंद हो जाती है, तथा नागरिकों को आधी रात को ही विद्युत विभाग को खबर करना पड़ता है
तथा नागरिकों का कहना है कि हमारे शहर से ही दूसरी जगह विद्युत आपूर्ति हो रही है, किंतु हम ही बिजली की समस्या से दो-चार हो रहे हैं,क्या यह उचित है, उल्लेखित हो कि वर्तमान समय में छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल द्वारा पूरे प्रदेश में जगह-जगह नई विद्युत लाइनें बिछाई जा रही हैं, तथा नए विद्युत उपकरण भी लगाए जा रहे हैं, किंतु छत्तीसगढ़ प्रदेश में विद्युत ट्रांसफार्मरों की खराब स्थिति के चलते विगत वर्षों में भी प्रदेश में यह बात प्रमुखता से उठाई गई थी कि बड़ी कंपनियों द्वारा जब विद्युत ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति की जाती है तो उसे हल्की क्वालिटी के बनाए जाते हैं, जिससे यह ट्रांसफार्मर थोड़ा भी अधिक लोड होने पर जवाब दे जाते हैं, तथा विद्युत मंडल को चाहिए कि अच्छी क्वालिटी के ट्रांसफार्मर क्रय करें एवं नागरिकों को राहत मिल सके
तथा नगर पंचायत अड़भार के वार्ड क्रमांक- 3 सुंदर कटकवार वार्ड के नागरिकों ने विद्युत मंडल के अधिकारियों से पुनः आग्रह किया है कि 2 दिन के अंदर उपरोक्त ट्रांसफार्मर बदला जाए अन्यथा वार्ड वासी आंदोलन को मजबूर होंगे