दुर्ग। जिले में गर्मी का कहर निरंतर जारी है। शुक्रवार को दिन की शुरूआत आसमान पर बादलों के साथ हुई। लेकिन घंटे भर बाद धूप निकल आई। धूप तेज होने की वजह से दोपहर में लू चल रही थी।
आसमान पर छाए बादल का असर अधिकतम और न्यूनतम तापमान पर देखने को मिला। अधिकतम तापमान में गिरावट आई है वहीं रात का न्यूनतम तापमान बढ़ गया है।
जिले में पिछले तीन दिन से लगातार तेज गर्मी पड़ रही है। शुक्रवार सुबह आसमान पर घंटे भर के लिए बादल छाए रहे। लेकिन मौसम खुलने के बाद दिन भर धूप की तपिश देखने को मिली। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
वहीं गुरुवार को अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। इस लिहाज से शुक्रवार को अधिकतम तापमान में थोडी गिरावट आई है वहीं न्यूनतम तापमान आंशिक रूप से बढ़ गया है। मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार को आसमान पूरी तरह खुला रहेगा। इस कारण अधिकतम तापमान में वृद्धि होने की संभावना जताई गई है।