44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान : हफ्ते के दूसरे दिन सबसे ज्यादा गर्म रहा रायगढ़, सरगुजा और बिलासपुर संभागों में लू के हालात

Raipur : गर्मी के आधा अप्रैल महीने का बीतते ही पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। मंगलवार 19 अप्रैल को रायगढ़ में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। यहां पारा 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया है। बिलासपुर में अधिकतम तापमान 43.9 और रायपुर में 42.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ है। यह पिछले के मुकाबले तीन से चार डिग्री अधिक है।

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार 19 अप्रैल को रायपुर, बिलासपुर, दुर्ग और सरगुजा संभागों में तापमान में विशेष परिवर्तन नहीं आया है। सोमवार 18 अप्रैल की तुलना में यह अधिक गर्म हुआ है। राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, दुर्ग में 42.2 डिग्री और पेण्ड्रा रोड में 42 डिग्री दर्ज किया गया है। यह सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस तक अधिक है। इसकी वजह से सरगुजा और बिलासपुर संभाग के कुछ हिस्सो में लू जैसी स्थित रही है।

मौसम विभाग की अनुमान है कि 20 अप्रैल को सरगुजा संभाग, बिलासपुर संभाग और दुर्ग संभाग के उत्तरी हिस्से यानी राजनांदगांव, दुर्ग, कबीरधाम और बेमेतरा में लू चल सकती है। 20 अप्रैल को इन चार संभागों में बड़ा परिवर्तन की संभावना नहीं है। वहीं बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर अंधड़ के साथ हल्की बरसात हो सकती है। आकाशीय बिजली और ओले गिरने की भी संभावना बन रही है।

बस्तर संभाग में बरसात हुई

मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को बस्तर संभाग के एक-दो स्थानों पर हल्की बरसात दर्ज हुई है। बस्तानार में 4 और गीदम में एक मिलीमीटर बरसात मापी गई है। कुछ अन्य स्थानों पर भी बरसात दर्ज हुई। मौसम विभाग ने मंगलवार रात 9.30 बजे तक कांकेर, कोण्डागांव, नारायणपुर, बस्तर और उससे लगे जिलों में गरज-चमक के साथ अंधड़ चलने की संभावना जताई है।

बस्तर में ही सामान्य रहा तापमान

बंगाल की खाड़ी से आ रही अपेक्षाकृत ठंडी हवाओं और बरसात का असर दक्षिण छत्तीसगढ़ के तापमान पर भी पड़ा है। मंगलवार को जगदलपुर का अधिकतम तापमान 38.5 डिग्री सेल्सियस रहा। यह सामान्य से केवल एक डिग्री सेल्सियस अधिक है। हालांकि हवा ठंडी होने की वजह से इसका प्रभाव कम दिखा। बीजापुर में 40.6, दंतेवाड़ा में 41, नारायणपुर में 39.7 और कांकेर में अधिकतम तापमान 40.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।

शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *