एक वर्ष में पेट्रोल 22.43 रुपये महंगा और डीजल 15.26 रुपये की बढ़ोतरी, जानें आज कितनी हैं कीमतें

रायपुर। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी का क्रम बीते पंद्रह दिनों से लगातार बना हुआ है। बीते एक वर्ष में ही राजधानी रायपुर में पेट्रोल 22.43 रुपये महंगा हुआ है। वहीं डीजल के दाम भी 15.26 रुपये बढ़ गए है। ‌वर्ष 2021 में छह अप्रैल को रायपुर में पेट्रोल 89.04 रुपये प्रति लीटर और डीजल 87.60 रुपये प्रति लीटर था। इस वर्ष छह अप्रैल 2022 को रायपुर में पेट्रोल 111.47 रुपये प्रति लीटर और डीजल 102.86 रुपये प्रति लीटर हो गया। जानकार बताते है कि आने वाले दिनों में तो पेट्रोल-डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी होने वाली है।
अगर बीते पंद्रह दिनों की ही बात करें तो रायपुर में पेट्रोल 10 रुपये से अधिक महंगा हो गया है। पेट्रोल-डीजल की कीमतों में आ रही बढ़ोतरी के बाद भी इसकी खपत जस की तस बनी हुई है। खपत में किसी भी प्रकार से कोई कमी या तेजी नहीं आई है। पिछले महीने 22 मार्च से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोतरी जारी है। इसके पहले 137 दिनों से पेट्रोल-डीजल की कीमतों में स्थिरता बनी हुई थी।
वाहन बाजार में आकर्षक फाइनेंस स्कीम
नवरात्रि के अवसर पर वाहन बाजार में इन दिनों आकर्षक फाइनेंस स्कीम दी जा रही है। इन स्कीमों को उपभोक्ताओं द्वारा पसंद भी किया जाता है। कुछ कंपनियों के माडलों में तो जीरो डाउन पेमेंट पर ही गाड़ी उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही कार्पोरेट कंपनी के अधिकारियों व शासकीय कर्मियों के लिए अलग-अलग आफर है। कंपनियों का कहना है कि सारे आफर उपभोक्ताओं के लिए फायदेमंद है और काफी पसंद किए जाएंगे। इसके साथ ही दोपहिया कंपनियों द्वारा भी लोएस्ट डाउन पेमेंट और कम ब्याज दर पर गाड़ी उपलब्ध कराई जा रही है।
छह अप्रैल 2022
पेट्रोल-111.47 रुपये और डीजल 102.86 रुपये
छह अप्रैल 2021
पेट्रोल-89.04 रुपये और डीजल 87.60 रुपये
शेयर करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *