वाड्रफनगर। बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर-रघुनाथनगर मार्ग पर ग्राम पेंडारी के समीप बोलेरो वाहन की ठोकर से स्कूली छात्र की मौत हो गई। दो छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। उन्हें वाड्रफनगर अस्पताल में शिफ्ट किया गया है। दुर्घटना के बाद चालक बोलेरो लेकर भाग निकला।
वाड्रफनगर ब्लाक के पेंडारी हायर सेकंेडरी स्कूल में इन दिनों घरेलू परीक्षाएं चल रही है। सोमवार की दोपहर परीक्षा देकर तीन छात्र पैदल ही घर लौट रहे थे। वाड्रफनगर से रघुनाथनगर की ओर जा रही तेज रफ्तार की बोलेरो के चालक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए छात्रों को पीछे से टक्कर मार दी। बोलेरो की टक्र से ग्राम पंचायत मदनपुर निवासी ग्यारहवीं के छात्र रामखेलावन सिंह 17 वर्ष की घटनास्थल पर मौत हो गई। ग्राम पोखरा के कक्षा ग्यारहवीं के छात्र जयप्रकाश कुशवाहा 17 वर्ष को ग्राम मदनपुर के ही संदीप पिता रामभरोस कक्षा नवमी 15 वर्ष को भी गंभीर चोट आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बोलेरो वाहन की रफ्तार तेज थी। तीनों छात्र सड़क के किनारे ही चल रहे थे लेकिन चालक का अचानक बोलेरो पर से नियंत्रण हट गया था जिस कारण वह लहराते हुए बच्चों को टक्कर मार कर तेजी से भाग निकली। मृतक रामखेलावन सिंह को सबसे पहले बोलेरो ने टक्कर मारी जिससे वह छिटक कर सड़क से दूर जा गिरा था। सिर में आई चोट की वजह से मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी।